उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, जानिए अंतिम तिथि और पूरी प्रक्रिया
रामनगर: उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस बार भी सभी आवेदन ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। विद्यालयों को छात्रों का विवरण पोर्टल पर दर्ज कर निर्धारित समय के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
बोर्ड की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार संस्थागत विद्यार्थियों के आवेदन और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई तय की गई है। वहीं व्यक्तिगत परीक्षार्थी 14 अगस्त तक निर्धारित शुल्क के साथ आवेदन कर सकेंगे।
बोर्ड सचिव वीपी सिमल्टी ने कहा कि सभी विद्यालय अपने संस्थागत और व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के आवेदन ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से भरेंगे। आवेदन का पूरा डाटा ऑनलाइन ही परिषद कार्यालय भेजा जाएगा…जिसके बाद दस्तावेजों की जांच की जाएगी।
यदि कोई व्यक्तिगत परीक्षार्थी 14 अगस्त के बाद आवेदन करता है…तो उसे निर्धारित शुल्क के साथ 150 रुपये विलंब शुल्क भी जमा करना होगा। विलंब शुल्क के साथ आवेदन स्वीकार करने की अंतिम तिथि 24 अगस्त निर्धारित की गई है।
बोर्ड ने विद्यालयों और परीक्षार्थियों से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें…ताकि किसी प्रकार की तकनीकी या अन्य परेशानी से बचा जा सके। आवेदन शुल्क में इस वर्ष कोई बदलाव नहीं किया गया है और पूर्व निर्धारित शुल्क ही लागू रहेगा।

