बागेश्वर:पर्यावरण मित्रों के स्वास्थ्य संवर्धन हेतु विशेष योग शिविर का आयोजन

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें



बागेश्वर, 31 मई 2026।
आयुर्वेद विभाग बागेश्वर द्वारा जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी बागेश्वर डॉ. निष्ठा शर्मा कोहली के निर्देशन में पर्यावरण मित्रों के स्वास्थ्य संवर्धन एवं निरोगी जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्वराज भवन, नगर पालिका परिसर में एक विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय नगरपालिका अध्यक्ष श्री सुरेश खेतवाल द्वारा भगवान धन्वन्तरि के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने योग को स्वस्थ, सक्रिय एवं संतुलित जीवन का आधार बताते हुए सभी नागरिकों से इसे दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
योग शिविर में विभागीय योग अनुदेशक एवं श्री दीप जोशी द्वारा उपस्थित पर्यावरण मित्रों एवं अन्य प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम तथा ध्यान का अभ्यास कराया गया। साथ ही नियमित योगाभ्यास से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक लाभों की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लिया तथा शिविर को अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।
इस अवसर पर जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. निष्ठा शर्मा कोहली ने कहा कि योग केवल एक व्यायाम पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की एक समग्र जीवनशैली है। उन्होंने सभी नागरिकों से नियमित योग करने तथा आयुर्वेद विभाग द्वारा आयोजित योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की।
कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित करने में सहयोग प्रदान करने हेतु उन्होंने संवाद वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष श्री संतोष फुलारा का विशेष आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर माननीय नगरपालिका अध्यक्ष श्री सुरेश खेतवाल ने योग की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए सभी को प्रतिदिन योग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आयुर्वेद विभाग द्वारा आयोजित इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।
कार्यक्रम में माननीय सभासद श्री प्रेम सिंह हरड़िया, पूर्व रेडक्रास अध्यक्ष श्री संजय साह, श्री मनोज कर्मियाल, श्री संतोष फुलारा सहित आयुर्वेद विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. एजल पटेल द्वारा किया गया।

Ad
Ad Ad