उत्तराखंड: यहां दर्दनाक सड़क हादसा, एक की गई जान, पांच घायल

ख़बर शेयर करें

पहाड़ी से गिरा पत्थर, कार अनियंत्रित होकर नदी किनारे जा गिरी — SDRF ने चलाया राहत अभियान

रुद्रप्रयाग, 05 अक्टूबर। जनपद रुद्रप्रयाग में रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पाँच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कुंड-काकड़ागाड़ के समीप उस समय हुआ जब गौरीकुंड से रुद्रप्रयाग की ओर आ रही एक कार पर अचानक पहाड़ी से बड़ा पत्थर गिर गया। पत्थर लगने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नदी के पास जा गिरा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना रविवार शाम करीब 5:48 बजे की है। हादसे के समय वाहन में कुल छह लोग सवार थे। टक्कर लगते ही कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में वाहन चालक की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि अन्य पाँच यात्रियों को गंभीर चोटें आईं।

सूचना मिलते ही डी.डी.आर.एफ. (जिला आपदा राहत बल) और एस.डी.आर.एफ. (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीमें तुरंत मौके पर पहुँचीं। राहत एवं बचाव कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के बाद 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि भेजा, जहाँ उनका उपचार जारी है।पुलिस प्रशासन ने बताया कि मृतक चालक की पहचान की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा और सड़क कुछ समय के लिए बंद रही, जिसे बाद में यातायात के लिए खोल दिया गया।अधिकारियों ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही हल्की वर्षा के कारण सड़क मार्गों पर पत्थर गिरने की घटनाएँ बढ़ रही हैं। यात्रियों और वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतें और पहाड़ी मार्गों पर निर्धारित गति सीमा का पालन करें।

Ad Ad Ad