बागेश्वर:हरेला पर्व को लेकर तैयारियां पूरी, जिलेभर में चलेगा व्यापक पौधारोपण अभियान,60,000 पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया
बागेश्वर,
📌 हरेला पर्व को लेकर तैयारियां पूरी, जिलेभर में चलेगा व्यापक पौधारोपण अभियान
पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संरक्षण तथा जनभागीदारी के माध्यम से हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस वर्ष आयोजित होने वाले हरेला पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। अभियान के सफल संचालन के लिए जिले के विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए कुल 60,000 पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस जनअभियान में वन विभाग मुख्य भूमिका निभाएगा, जिसे 45,000 पौधों के रोपण की जिम्मेदारी दी गई है।
विभागवार निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार वन विभाग द्वारा बांज, फल्याट, अंगू, क्वैराल, आंवला, हरड़, नीबू, अमरूद, माल्टा, मणिपुरी बांज, पदम, उतीस तथा देवदार सहित विभिन्न प्रजातियों के 45,000 पौधों का रोपण किया जाएगा। उद्यान विभाग को 5,000, शिक्षा विभाग को 2,000, पंचायत राज विभाग को 1,500 तथा बाल विकास विभाग को 500 पौधों के रोपण का लक्ष्य दिया गया है। इसके अतिरिक्त रेशम विभाग, कृषि विभाग एवं भेषज विभाग को 1,000-1,000 पौधों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं बागेश्वर, गरुड़ एवं कपकोट विकासखंडों को भी 1,000-1,000 पौधों का लक्ष्य आवंटित किया गया है।
अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए छतीना, सरला, वज्यूला, पुरड़ा, मृगवन, मोनाल वन पौधालय सहित वन एवं उद्यान विभाग की विभिन्न नर्सरियों में पर्याप्त संख्या में पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। हरेला पर्व को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता भी सुनिश्चित की जा रही है। इच्छुक नागरिक चिन्हित वन एवं उद्यान विभाग की नर्सरियों से प्रति परिवार दो पौधे निःशुल्क प्राप्त कर सकते हैं।
पौधों की प्राप्ति के लिए इच्छुक आवेदकों को निर्धारित आवेदन प्रपत्र संबंधित वन अथवा उद्यान विभाग की नर्सरी में जमा करना होगा। आवेदन प्रपत्र में संबंधित नर्सरियों के नाम, संपर्क अधिकारियों का विवरण तथा आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई है, जिससे नागरिकों को पौधे प्राप्त करने में सुविधा होगी।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों के नोडल अधिकारियों को अभियान के सफल संचालन, पौधों के वितरण एवं समयबद्ध पौधारोपण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने जनपदवासियों से हरेला पर्व के अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में पौधारोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लेने तथा पर्यावरण संरक्षण के इस जनअभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।




