बागेश्वर:पिंडारी ग्लेशियर में लापता नोएडा के ट्रैकर की तलाश तेज: पुलिस, SDRF, NDRF और ड्रोन टीमों का संयुक्त सर्च अभियान जारी

पिंडारी ग्लेशियर में लापता नोएडा के ट्रैकर की तलाश तेज: पुलिस, SDRF, NDRF और ड्रोन टीमों का संयुक्त सर्च अभियान जारी !
थाना कपकोट क्षेत्र के विश्व प्रसिद्ध पिंडारी ग्लेशियर में ट्रैकिंग के दौरान लापता हुए 28 वर्षीय युवक अभिषेक चौहान की खोज के लिए पुलिस और प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। खाती गांव से आगे पिंडारी घाटी के दुर्गम इलाकों में बड़े पैमाने पर सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के निर्देशन में कपकोट क्षेत्र से गुमशुदा व्यक्ति की तलाश के लिए पुलिस और रेस्क्यू टीमें पूरी ताकत से जुटी हुई हैं। गुमशुदा की त्वरित खोजबीन हेतु कपकोट पुलिस, स्थानीय ग्रामीणों, SDRF, NDRF और फायर ब्रिगेड, वन विभाग की टीमों द्वारा संयुक्त रूप से एक व्यापक सर्च अभियान चलाया जा रहा है। क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए गहरी घाटियों, जंगलों और अत्यंत कठिन रास्तों में सुराग लगाने के लिए आधुनिक ड्रोन कैमरों और डॉग स्क्वायड की मदद ली जा रही है। टीमें घटना स्थल के आस-पास के प्रत्येक हिस्से की बारीकी से छानबीन कर रही हैं। इसके साथ ही, पुलिस टीम द्वारा गुमशुदा व्यक्ति के परिवार से लगातार समन्वय बनाया हुआ है । गुमशुदा व्यक्ति का सुराग लगाने के लिए उनके दोस्तों, करीबियों और रिश्तेदारों से भी लगातार संपर्क कर हर संभावित इनपुट जुटाया जा रहा है। बागेश्वर पुलिस गुमशुदा की सुरक्षित बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास कर रही है साथ ही आसपास के सभी जनपदों और थानों को गुमशुदा के पंपलेट भेजकर सूचित किया गया है।
गुमशुदा युवक की जानकारी:
नाम: अभिषेक चौहान (उम्र 28 वर्ष)
पिता का नाम: रघुराज चौहान वर्तमान निवासी: नोएडा (दिल्ली एनसीआर)
मूल निवासी: ग्राम शेखूपूरा, पोस्ट कन्डेला, तहसील कैराना, जिला शामली (उत्तर प्रदेश)
अपील:
यदि किसी भी ट्रैकर, गाइड या स्थानीय नागरिक को इस युवक के संबंध में कोई भी जानकारी मिले, तो तुरंत थानाध्यक्ष कपकोट 9411113310 या जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष 9411112983 को सूचित करें।

