आयुर्वेद विभाग बागेश्वर द्वारा चंडिका पार्क में विशेष योग शिविर का आयोजन
बागेश्वर, 2 जून 2026। आयुर्वेद विभाग बागेश्वर द्वारा जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी बागेश्वर डॉ. निष्ठा शर्मा कोहली के निर्देशन में आम जनमानस के स्वास्थ्य संवर्धन, रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि तथा निरोगी जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “योग पार्क थीम” के अंतर्गत चंडिका पार्क में एक विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. निष्ठा शर्मा कोहली द्वारा भगवान धन्वन्तरि के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। योग शिविर में विभागीय योग अनुदेशक द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। साथ ही नियमित योगाभ्यास के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई।
इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में सहभागिता करते हुए योग को स्वस्थ जीवन की दिशा में एक प्रभावी माध्यम बताया। शिविर के दौरान योग के माध्यम से तनाव प्रबंधन, शारीरिक सुदृढ़ता तथा मानसिक एकाग्रता के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
अपने संबोधन में डॉ. निष्ठा शर्मा कोहली ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन जीने की एक संपूर्ण पद्धति है। उन्होंने आम जनमानस से नियमित योगाभ्यास अपनाने तथा विभाग द्वारा आयोजित विभिन्न योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन नोडल अधिकारी डॉ. एजल पटेल द्वारा किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, योग प्रशिक्षकों एवं उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त किया।







