मुख्यमंत्री धामी को सौंपा गया प्रदेश का शीर्ष स्तर का व्यापार सुधार पुरस्कार

ख़बर शेयर करें

देहरादून: सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सचिव उद्योग विनय शंकर पाण्डेय ने राष्ट्रीय स्तर पर व्यापार सुधार कार्य योजना 2024 के तहत उत्तराखण्ड को प्राप्त पांच प्रमुख सुधार श्रेणियों में टॉप अचीवर्स पुरस्कार भेंट किया।

यह प्रतिष्ठित पुरस्कार नई दिल्ली में आयोजित उद्योग समागम 2025 में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल द्वारा उद्योग सचिव को प्रदान किया गया था। उत्तराखण्ड को यह पुरस्कार व्यवसाय प्रवेश, निर्माण परमिट सक्षमकर्ता, पर्यावरण पंजीकरण, निवेश सक्षमकर्ता और श्रम विनियमन सक्षमकर्ता जैसे पाँच सुधार क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि प्राप्त करने के लिए दिया गया है।मुख्यमंत्री ने इसे राज्य की व्यवसाय सुगमता के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर राज्य को यह पुरस्कार मिलना गर्व की बात है और यह व्यापार सुधार कार्य योजना के प्रति राज्य के सतत प्रयासों का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड ने सतत और समावेशी विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की है। इन सुधारों का उद्देश्य न केवल निवेश में तेजी लाना है, बल्कि पारिस्थितिक अखंडता और समान विकास को भी बनाए रखना है।मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि औद्योगिक विकास प्रदेश की समृद्धि और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों का माध्यम बन रहा है। बी.आर.ए.पी. 2024 में देश के शीर्ष राज्यों में स्थान पाना निवेशकों को उत्तराखण्ड की ओर आकर्षित करेगा और राज्य की आर्थिक प्रगति को नई गति प्रदान करेगा।
इस अवसर पर महानिदेशक उद्योग सौरव गहरवार भी उपस्थित थे।

Ad Ad Ad