जिलाधिकारी अनुराधा पाल ने कपकोट के केदारेश्वर मैदान में आयोजित चेली-ब्वारयूं कौतिक के लिए की जा रही तैयारियों का लिया जायजा

ख़बर शेयर करें

बागेश्वर

जिलाधिकारी अनुराधा पाल ने शनिवार को कपकोट के केदारेश्वर मैदान में आयोजित चेली-ब्वारयूं कौतिक के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बता दे कि आगामी दो जनवरी को कपकोट में आयोजित होने वाले मातृशक्ति उत्सव को चेली-ब्वारयूं कौतिक के रूप में मनाया जा रहा है। पूरे कार्यक्रम में नारी शक्ति को प्रदर्शित करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की काफी महिलाओं ने विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। राज्य आंदोलन हो या फिर चिपको आंदोलन उत्तराखंड के इतिहास में वीर नारियों ने उम्दा प्रदर्शन किया है। उन्हीं के शक्ति प्रदर्शन के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। मातृ शक्ति उत्सव में महिला शिल्पकार, माउंटेनिंग, लाइव रीवर क्रासिंग, एमटीबी, एटीवी, ताइक्वांडो, एडवेंचर, महिला छोलिया नृत्य आदि महिला शक्ति का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के साथ ही जनपद के दानपुर, कमस्यार, खरेही आदि पट्टियों की संस्कृति व परिधानों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी महिलाओं द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यो को देखेंगे तथा महिलाओं को संबोधित करेंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि नव वर्ष की शुरुआत मातृशक्ति के साथ हो रही है, महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह बड़ा संदेश है, जो हम सबके लिए गौरव की बात है। उन्होंने 2 जनवरी को मातृ शक्ति उत्सव में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील लोगों से की है। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में अधिकारियों की बैठक लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

विधायक सुरेश गढ़िया ने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए विशेष प्रयास कर रही है, जिसके तहत इस तरह के महोत्सव आयोजित किए जा रहे है। कहा कि सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण कर ली जाए।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक अक्षय कोंडे, मुख्य विकास अधिकारी आरसी तिवारी, अपर जिलाधिकारी एनएस नबियाल, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत,उपजिलाधिकारी मोनिका, अनुराग आर्य, जिला विकास अधिकारी संगीता आर्या, सीएमओ डॉ डीपी जोशी,पुलिस उपाधीक्षक अंकित कंडारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी जीएस सौन, तहसीलदार तितिक्षा जोशी समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।