बागेश्वर फायर ब्रिगेड की मुस्तैदी: चामी क्वाइराली सहित 5 अन्य स्थानों पर वनाग्नि और अग्निकांडों पर पाया काबू, बचाई वन संपदा व मकान।
बागेश्वर फायर ब्रिगेड की मुस्तैदी: चामी क्वाइराली सहित 5 अन्य स्थानों पर वनाग्नि और अग्निकांडों पर पाया काबू, बचाई वन संपदा व मकान।
पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री जितेंद्र कुमार मेहरा (IPS) द्वारा अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखने के निर्देशों के अनुपालन में, दिनांक 25/05/2026 को जनपद बागेश्वर और गरुड़ क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच लगातार धधक रही जंगलों की आग पर अग्निशमन दल ने त्वरित कार्रवाई कर काबू पाया है। फायर स्टेशन बागेश्वर और अग्निशमन एवं आपात सेवा केंद्र गरुड़ की टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए रिहायशी इलाकों, दुकानों और बहुमूल्य वन संपदा को जलने से सुरक्षित बचा लिया।

चामी क्वाइराली में आवासीय भवनों पर मंडराया खतरा टला
दिनांक 25 मई 2026 को दोपहर 15:52 बजे फायर स्टेशन बागेश्वर को चामी क्वाइराली के पास जंगलों में भीषण आग की सूचना मिली। सूचना मिलते ही प्रभारी अग्निशमन अधिकारी (FSSO) श्री दिनेश चंद्र पाठक के कुशल नेतृत्व में फायर यूनिट मिनी वाटर टेंडर वाहन के साथ तुरंत मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर आग की लपटें चामी रोड और क्वाराली क्षेत्र की वन संपदा सहित पास के आवासीय भवनों की तरफ तेजी से बढ़ रही थीं। वन विभाग की टीम और फायर वाचर पहले से ही आग बुझाने के प्रयास में जुटे थे। फायर यूनिट ने बिना समय गंवाए वाटर टेंडर से पंपिंग कर होजरील की मदद से आग को पूरी तरह बुझा दिया, जिससे घरों को होने वाला भारी नुकसान टल गया।
अग्निशमन एवं आपात सेवा केंद्र गरुड़ (बैजनाथ) द्वारा की गई अन्य कार्रवाइयां
- कौसानी (होटल लवली रेस्टोरेंट के पास): सुबह 10:10 बजे पीएफटी पर मिली सूचना के बाद होटल के समीप जंगल में फैली विकराल आग को मिनी वाटर टेंडर से लगातार पंपिंग कर बुझाया गया।
- भोजगड़: शाम 16:45 बजे फोन पर मिली सूचना के आधार पर भोजगड़ के पास तेजी से फैल रही वनाग्नि को फायर यूनिट ने मिनी वाटर टेंडर से पानी डालकर और पीट-पाटकर पूरी तरह शांत किया।
- ग्राम अड़ा: शाम 19:45 बजे ग्राम अड़ा के जंगलों की आग को मिनी हाई प्रेशर से पंपिंग कर व होज रील की सहायता से बुझाया गया। आग को ग्रामीणों के घरों तक पहुंचने से ऐन वक्त पर रोका गया।
- ग्राम सिरकोट: रात 20:10 बजे सिरकोट गांव के जंगलों में लगी आग रिहायशी मकानों की तरफ बढ़ रही थी, जिसे फायर टीम ने एमएफई (MFE) से पंपिंग कर समय रहते बुझाया।
- गोलू मार्केट (गरुड़): देर रात 23:35 बजे गोलू मार्केट में कूड़े के ढेर में अचानक भीषण आग लग गई। फायर ब्रिगेड ने एमएफई से पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया और पास की दर्जनों दुकानों को खाक होने से बचा लिया।
अग्निशमन विभाग की इन सभी त्वरित कार्रवाइयों के चलते जिले में कोई जनहानि या बड़ी संपत्ति की हानि नहीं हुई। स्थानीय प्रशासन और जनता ने फायर ब्रिगेड के जवानों की बहादुरी और त्वरित रिस्पांस की जमकर सराहना की है।

