बागेश्वर:पिंडारी ट्रेक पर उमड़ रहे पर्यटक,अब तक 1106 लोगों ने कराया पंजीकरण

ख़बर शेयर करें

बागेश्वर: जनपद का विश्व प्रसिद्ध पिंडारी ग्लेशियर ट्रेक इस सीजन में पर्यटकों की पहली पसंद बना हुआ है। 15 अप्रैल से ट्रैकिंग के लिए खोले गए पिंडारी ट्रेक रूट पर अब तक 1106 पर्यटक पंजीकरण करा चुके हैं। लगातार बढ़ रही पर्यटकों की संख्या से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों में भी तेजी आई है। वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जैकुनी और खाती इको टूरिज्म पंजीकरण केंद्रों में पर्यटकों का पंजीकरण किया जा रहा है। देश-विदेश से पहुंच रहे ट्रेकर्स पिंडारी ग्लेशियर की प्राकृतिक सुंदरता, हिमालयी वादियों और रोमांचक ट्रेकिंग मार्ग का आनंद लेने के लिए यहां पहुंच रहे हैं। पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए बागेश्वर वन प्रभाग भी लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। वन विभाग की ओर से ट्रेक रूट पर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। ग्लेशियर रेंज अधिकारी डॉली डोगाल ने 9 से 11 मई तक छह सदस्यीय टीम के साथ ट्रेक रूट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वन विभाग ने पर्यटकों और स्थानीय गाइडों के सहयोग से सफाई अभियान भी चलाया।जीरो प्वाइंट से खाती तक ट्रेक मार्ग से लगभग 25 किलोग्राम प्लास्टिक और अन्य कूड़ा एकत्र किया गया। विभाग ने पर्यटकों को ट्रेकिंग के दौरान प्लास्टिक और कचरा वापस लाने तथा पर्यावरण संरक्षण के नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया। वन विभाग ने ट्रेक पर आने वाले पर्यटकों से अपील की है कि वे मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें। विभाग ने कहा कि पिंडारी ट्रेक का क्षेत्र दुर्गम और संवेदनशील है, इसलिए सुरक्षा को प्राथमिकता देना बेहद जरूरी है।

ADVERTISEMENTS
Ad Ad Ad Ad Ad
Ad