उत्तराखंड: यहाँ 69 वर्षीय बुजुर्ग को बाघ ने जंगल में घसीटा
खटीमा: उधम सिंह नगर के खटीमा क्षेत्र में स्थित सुरई वन रेंज के बग्गा चौवन इलाके में एक 69 वर्षीय ग्रामीण राम सिंह कन्याल की बाघ के हमले में मौत हो गई। राम सिंह रोजाना की तरह अपने मवेशियों को जंगल में चराने गए थे। शाम को मवेशी घर लौट आए….लेकिन राम सिंह नहीं लौटे।
ग्रामीणों ने जंगल में खोजबीन की तो उन्हें कुछ दूरी पर उनकी जैकेट मिली। जमीन पर घसीटने के निशान देख उन्होंने उनका पीछा किया और क्षत-विक्षत शव बरामद किया। मौके पर दो बाघ भी देखे गए….जो घटना की गंभीरता को दर्शाता है। शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
वन विभाग ने घटना स्थल पर बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रैप कैमरे लगाए हैं। साथ ही वनों से लगे ग्रामीण इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है और लोगों से अपील की गई है कि फिलहाल जंगल में न जाएं। उच्च अधिकारियों से पिंजरा लगाने के निर्देश लिए जा रहे हैं। मृतक के परिजनों को वन अधिनियम के तहत मुआवजा भी दिया जाएगा।खटीमा विधायक भुवन कापड़ी ने कहा कि वन क्षेत्र से लगे गांवों की सीमा से एक किलोमीटर के भीतर फेंसिंग की व्यवस्था की जाए ताकि जानवर गांवों में प्रवेश न कर सकें और ग्रामीण सुरक्षित रूप से मवेशियों के लिए चारा पानी प्राप्त कर सकें। उन्होंने वन विभाग से मृतक परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता देने की भी मांग की।

