उत्तराखंड : यहां बेकाबू कार ने दो मासूम भाइयों को कुचला, एक की गई जान
कोटद्वार। तेज रफ्तार कार ने रविवार सुबह दो मासूम चचेरे भाइयों को कुचल दिया। हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। दोनों भाई सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे।
हादसा रविवार सुबह करीब पौने आठ बजे दुगड्डा क्षेत्र में घमंडपुर के पास हुआ। दुगड्डा निवासी लक्ष्य (12) और उसका चचेरा भाई वंश (10) मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। जिगर गार्डन वेडिंग प्वाइंट के पास निंबूचौड़ की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने दोनों को कुचल दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार एक बारातघर की दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसी।पुलिस ने दोनों बच्चों को बेस अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने वंश को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल लक्ष्य को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
कोतवाली प्रभारी प्रदीप नेगी ने बताया कि वंश के पिता संदीप कुमार व्यापारी हैं। वंश उनकी इकलौती संतान था और कक्षा तीन का छात्र था, जबकि लक्ष्य कक्षा पांच में पढ़ता है।
बच्चों के दादा मनोहर चौहान की तहरीर पर पुलिस ने कार चालक बेलाडाट (पदमपुर) निवासी अभिषेक रावत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को भी सीज कर दिया है।


