उत्तराखंड:सीएम धामी ने विभिन्न विकास योजनाओं के लिए 99 करोड़ रुपये की वित्तीय मंजूरी दी

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए करीब 99 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन योजनाओं में स्वास्थ्य, सड़क, पर्यटन, बिजली, पुलिस, अग्निशमन, धार्मिक स्थल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

स्वीकृत योजनाओं में रामनगर में ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक के ऑटोमेशन कार्य, रुद्रप्रयाग कोषागार भवन के मरम्मत कार्य, देहरादून स्थित पुलिस संचार प्रशिक्षण केंद्र में एसटीपी प्लांट निर्माण तथा बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र में नए फायर स्टेशन की स्थापना शामिल है।
मुख्यमंत्री ने चम्पावत जिले में मां पूर्णागिरि धाम यात्रा मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए भी धनराशि स्वीकृत की है। इसके अलावा डीडीहाट में संपर्क मार्ग निर्माण, जवाहर नवोदय विद्यालय लटौली में ओपन जिम, यमकेश्वर क्षेत्र में जानकी पुल से चौरासी कुटिया तक सड़क को बीटल्स स्ट्रीट के रूप में विकसित करने और धारचूला क्षेत्र में पैदल मार्ग निर्माण को भी मंजूरी दी गई है।
इसके साथ ही लोहाघाट के शिव मंदिर के सौंदर्यीकरण, कपकोट क्षेत्र में विद्युत सब स्टेशन की स्थापना, पूर्णागिरि धाम में इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने और नैनीताल जिले के भीमताल व धारी क्षेत्र में धर्मशालाओं के निर्माण के लिए भी बजट स्वीकृत किया गया है।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के गोल्डन कार्ड योजना के सुचारू संचालन और लंबित भुगतान के लिए 75 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और पुल निर्माण कार्यों के लिए भी पहली किस्त जारी की गई है। इसके तहत चमोली, पौड़ी और अन्य जिलों में पैदल पुल, मोटर मार्गों के सुधारीकरण और स्टील ट्रस पुल के निर्माण जैसे कार्य किए जाएंगे।

राज्य सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और लोगों को बेहतर परिवहन, स्वास्थ्य, सुरक्षा तथा अन्य सार्वजनिक सेवाओं का लाभ मिलेगा।

Ad
Ad Ad