उत्तराखंड:सीएम धामी की नीति आयोग के साथ बड़ी बैठक, उत्तराखंड के विकास को लेकर बनी नई रणनीति
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में नीति आयोग के सदस्य प्रो. (डॉ.) एम. श्रीनिवास के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। बैठक में उत्तराखंड के समग्र और सतत विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों और विशेष आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास योजनाएं तैयार की जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि राज्य में हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं…जिससे स्वास्थ्य, पेयजल, परिवहन और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। ऐसे में योजनाओं और संसाधनों के निर्धारण में इस पहलू को भी शामिल करना जरूरी है।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने, स्वास्थ्य शिक्षा को बढ़ावा देने, महिलाओं और बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान देने तथा एनीमिया और कुपोषण जैसी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि कृषि, बागवानी, पर्यटन, जल संसाधन, जैव विविधता और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में नीति आयोग के सहयोग से नियमित विचार-विमर्श और सेमिनार आयोजित किए जाने चाहिए…ताकि राज्य की जरूरतों के अनुरूप बेहतर नीतियां तैयार की जा सकें।
मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण को समय की जरूरत बताते हुए वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए प्रभावी नीतियां बनाने की आवश्यकता भी जताई।
बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम सहित राज्य सरकार और नीति आयोग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

