उत्तराखंड: वेतन नहीं मिलने से परेशान कर्मचारियों ने लगाई गुहार, आयुक्त ने दिए जांच के निर्देश
हल्द्वानी स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में कार्यरत कर्मचारियों को पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिलने का मामला सामने आया है। कर्मचारियों की शिकायत पर कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
कर्मचारियों ने शिकायत में बताया कि वे वाइटल रेडियोलॉजी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन अप्रैल, मई और जून 2026 का वेतन अब तक नहीं मिला है। वेतन न मिलने से कर्मचारियों और उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। बच्चों की पढ़ाई, घरेलू खर्च और इलाज जैसी जरूरी जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो रहा है।शिकायत में यह भी कहा गया है कि वेतन की मांग करने पर कर्मचारियों पर मानसिक दबाव बनाया जाता है और नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है। इसके अलावा कुसुमखेड़ा स्थित केंद्र को भी बंद कर दिया गया है, जिससे लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।बताया गया कि प्रभावित कर्मचारियों में डॉक्टर, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स, एमपीडब्ल्यू और सफाई कर्मचारी शामिल हैं।मामले की गंभीरता को देखते हुए कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने नगर आयुक्त हल्द्वानी को सभी कर्मचारियों का लंबित वेतन जल्द दिलाने और बंद पड़े केंद्र को दोबारा शुरू कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

