उत्तराखंड- यहां मिला खून से लथपथ युवा का शव, हत्या से हड़कंप

ख़बर शेयर करें

खटीमा- प्रदेश में आय दिन अपराध का ग्राफ बढ़ रहा है अब ऊधमसिंहनगर जिले के खटीमा स्थित सुरई रेंज के जंगल में युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। साथ ही उसकी बाइक को साइफन नहर में फेंक दिया। मृतक के भाई ने गांव के एक युवक हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी है। पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही मुकदमा दर्ज कर लिया है।सुरई रेंज के जंगल में साइफन के पास सोमवार को एक युवक का शव खून से लथपथ अवस्था में पड़ा मिला। इसकी सूचना लोगों ने पुलिस को दी। जिससे पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह भंडारी, कोतवाल नरेश चौहान, एसएसआई देवेंद्र गौरव दलबल के साथ मौके पर पहुंचे।जहां उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को अपने कब्जे में ले लिया। शव की शिनाख्त जमौर गांव निवासी 30 वर्षीय मो.आरिफ पुत्र अब्दुल करीम के रूप में हुई। उसका गला रेतकर हत्या की गई थी। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर आ पहुंचे। मृतक राजमिस्त्री का काम करता था। परिवार में उसके दो भाई हैं। दूसरा भाई भी राजमिस्त्री का काम करता है। जबकि सबसे छोटा भाई वन विभाग में तैनात है। इस मामले में मृतक के छोटे भाई राशिद ने गांव के एक युवक पर हत्या की आशंका जताते हुए नामजद तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ADVERTISEMENTS
Ad Ad Ad Ad Ad
Ad