उत्तराखंड: मामा की वर्दी पहनने वाला ‘हनी’ बना सेना का लेफ्टिनेंट, IMA से पास आउट होकर पूरा किया बचपन का सपना

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

मामा की वर्दी पहनने वाला ‘हनी’ बना सेना का लेफ्टिनेंट, IMA से पास आउट होकर पूरा किया बचपन का सपना

श्रीनगर। लगभग दस वर्ष पहले चौरास, श्रीनगर में एक छोटा सा बालक अपने मामा की पुलिस वर्दी पहनकर खुशी से इतराता था। तब किसी ने नहीं सोचा था कि वही बच्चा एक दिन भारतीय सेना में अधिकारी बनकर देश सेवा का गौरव हासिल करेगा। आज वह सपना सच हो गया है।

टिहरी गढ़वाल के चौरास निवासी प्रियांशु रावत उर्फ “हनी” ने भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) देहरादून से पासिंग आउट परेड सफलतापूर्वक पूरी कर भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के रूप में अपनी सेवाएं शुरू कर दी हैं।
इस भावुक उपलब्धि को साझा करते हुए उत्तराखंड पुलिस में कार्यरत सब इंस्पेक्टर व पौड़ी SSP के जनसंपर्क अधिकारी संदीप बिष्ट ने सोशल मीडिया पर एक पुरानी याद साझा की। उन्होंने बताया कि लगभग एक दशक पहले जब वे अपनी बहन के घर चौरास गए थे, तब नन्हे प्रियांशु ने शौकिया तौर पर उनकी पुलिस वर्दी पहन ली थी। उस समय यह केवल एक मासूम इच्छा थी, लेकिन आज वही बालक भारतीय सेना की वर्दी पहनकर अधिकारी बन गया है।
संदीप बिष्ट ने प्रियांशु की सफलता का श्रेय उसकी अथक मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प को दिया। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि के पीछे माता-पिता के त्याग, समर्पण और संस्कारों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। परिवार के सहयोग और निरंतर परिश्रम ने ही प्रियांशु को इस मुकाम तक पहुंचाया है।
प्रियांशु की इस सफलता से परिवार, रिश्तेदारों और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, मेहनत निरंतर हो और परिवार का साथ मिले, तो कोई भी सपना असंभव नहीं होता।
चौरास के इस होनहार युवा के लेफ्टिनेंट बनने पर क्षेत्रवासियों ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य और सफल सैन्य जीवन के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

Ad
Ad Ad