उत्तराखंड:आने वाले दिनों में प्रदेश में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जनपदों को आवश्यक सावधानियां एवं तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए
आने वाले दिनों में प्रदेश में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जनपदों को आवश्यक सावधानियां एवं तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा 13 अगस्त को जारी पूर्वानुमान एवं चेतावनी के दृष्टिगत सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने सभी जिलाधिकारियों एवं संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ मौसम एवं परिस्थितियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए।
पूर्वानुमान के अनुसार 14 अगस्त को देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर एवं नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली तथा वर्षा के अत्यंत तीव्र दौर की संभावना है। अन्य जिलों में येलो अलर्ट रहेगा।
15 अगस्त को प्रदेश के सभी जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, नैनीताल, चम्पावत एवं बागेश्वर में भारी वर्षा की संभावना है। 16 अगस्त को चम्पावत, बागेश्वर एवं नैनीताल तथा 17 अगस्त को देहरादून एवं टिहरी में ऑरेंज अलर्ट रहेगा।
सचिव ने आमजन से अनावश्यक यात्रा से बचने, मौसम की जानकारी लेते रहने तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों एवं जलधाराओं के आसपास न जाने की अपील की। आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों एवं पेड़ों के नीचे खड़े न हों और सुरक्षित पक्के भवन में शरण लें। भारी बारिश में उफनती नदियों एवं नालों में जाने से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रहें।



