उत्तराखंड:जानिए सूबे में कैसा रहेगा मौसम, 29 जून से तेज बारिश और आंधी के आसार

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की दस्तक से पहले ही मौसम का मिजाज बदलने लगा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान जताया है। 29 जून से 1 जुलाई के बीच कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार 27 और 28 जून को पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज के साथ बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। मैदानी इलाकों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।29 जून से बारिश का असर और बढ़ने की उम्मीद है। पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं गढ़वाल और कुमाऊं के अन्य क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश के आसार हैं।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। विशेष रूप से पहाड़ी मार्गों पर सफर करने वाले लोगों को सतर्क रहने और मौसम की ताजा जानकारी लेने के बाद ही यात्रा करने को कहा गया है।भारी बारिश के दौरान भूस्खलन की आशंका वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत बताई गई है। साथ ही नदी, नालों और बरसाती गदेरों के आसपास रहने वाले लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की गई है।विभाग ने कहा है कि गरज-चमक और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों पर न रहें। सुरक्षित भवनों में शरण लें और बिजली के खंभों तथा विद्युत उपकरणों से दूरी बनाए रखें।मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 28 जून के बाद पूरे प्रदेश में बारिश का दायरा बढ़ेगा और 29 जून से जुलाई के पहले सप्ताह तक कई इलाकों में लगातार बारिश का सिलसिला देखने को मिल सकता है। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।

ADVERTISEMENTS
Ad Ad