उत्तराखंड: अगले 4 दिन भारी पड़ सकते हैं, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

ख़बर शेयर करें

देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग और मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में आने वाले दिनों में तापमान लगातार बढ़ने की संभावना है। खासतौर पर हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और देहरादून में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक पहुंच सकता है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलों के प्रशासन और संबंधित विभागों को एडवाइजरी जारी करते हुए जरूरी तैयारियां करने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार 19 मई को हरिद्वार में तापमान 40 डिग्री से अधिक रह सकता है। वहीं ऊधमसिंह नगर, देहरादून, नैनीताल और पौड़ी गढ़वाल में तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। टिहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा, चम्पावत और निचले चमोली क्षेत्रों में तापमान 30 से 35 डिग्री तक रह सकता है।
20 मई को भी हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में तेज गर्मी पड़ने का अनुमान है। इसके अलावा देहरादून, नैनीताल और पौड़ी में भी गर्मी बढ़ने की संभावना जताई गई है। 21 और 22 मई को भी मौसम का यही हाल बने रहने का अनुमान है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने लोगों से दोपहर के समय तेज धूप में बाहर निकलने से बचने की अपील की है। स्वास्थ्य विभाग को हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और गर्मी से जुड़ी बीमारियों से निपटने के लिए अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में जरूरी व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही पेयजल और बिजली व्यवस्था सुचारु बनाए रखने, स्कूलों, निर्माण स्थलों और बाहरी काम करने वाले श्रमिकों के लिए जरूरी सावधानियां बरतने को कहा गया है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

ADVERTISEMENTS
Ad
Ad Ad Ad
Ad
Ad
Ad