उत्तराखंड: पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने आगे आए सांसद अजय भट्ट, डीएम को कड़ी कार्रवाई के निर्देश
भवाली: क्षेत्र में कथित डेमोग्राफी परिवर्तन और एक बच्ची से जुड़ी घटना को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अजय भट्ट ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने ललित मोहन रयाल जिलाधिकारी से फोन पर बात कर पूरे मामले की गहन जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
अवैध निर्माणों की जांच के निर्देश
सांसद भट्ट ने प्रशासन से भवाली के रेहड़ और टमट्यूड़ा क्षेत्रों में विस्तृत जांच कराने को कहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि बाहरी लोग किस तरह सरकारी जमीन पर अवैध रूप से मकान बना रहे हैं…जबकि स्थानीय लोगों को निर्माण से पहले नक्शा पास कराना अनिवार्य होता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कहीं नियमों का उल्लंघन हुआ है…तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा
सांसद अजय भट्ट ने पीड़ित परिवार की बच्ची के साथ हुई घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि वे हर परिस्थिति में परिवार के साथ खड़े हैं और न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
पुलिस को निष्पक्ष जांच के निर्देश
सांसद ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मामले ने पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। अब सबकी नजर प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी है कि जांच कितनी तेजी और सख्ती से आगे बढ़ती है।

