उत्तराखंड: 78 पदों पर भर्ती का मौका, 12 अक्टूबर से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन
देहरादून। उत्तराखंड पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (पिटकुल) और उत्तराखंड जल विद्युत निगम लिमिटेड (यूजेवीएनएल) में समूह-‘ग’ के 78 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया गया है। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के सचिव एनएस डुंगरियाल के अनुसार भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 12 अक्टूबर से शुरू होकर 25 नवंबर तक किए जा सकेंगे।
भर्ती के तहत पिटकुल में तकनीशियन ग्रेड-2 (विद्युत) के 37 पद, जबकि यूजेवीएनएल में तकनीशियन ग्रेड-2 (विद्युत) के 16 और तकनीशियन ग्रेड-2 (यांत्रिक) के 25 पद शामिल हैं। आवेदन में संशोधन का अवसर 28 से 30 नवंबर तक दिया जाएगा।
100 अंकों की होगी परीक्षा
भर्ती परीक्षा में 100 अंकों के बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे और परीक्षा के लिए दो घंटे का समय निर्धारित रहेगा। लिखित परीक्षा में सामान्य एवं ओबीसी अभ्यर्थियों को न्यूनतम 45 प्रतिशत, जबकि एससी एवं एसटी अभ्यर्थियों को 35 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
सामान्य एवं ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 300 रुपये, जबकि एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 150 रुपये निर्धारित किया गया है।
योग्यता और आयु सीमा
तकनीशियन ग्रेड-2 (विद्युत) पद के लिए अभ्यर्थी का विज्ञान एवं गणित विषयों के साथ 10वीं पास होना तथा इलेक्ट्रिशियन ट्रेड में आईटीआई और दो वर्ष का अनुभव आवश्यक है। वहीं यांत्रिक पद के लिए संबंधित ट्रेड में आईटीआई एवं निर्धारित अनुभव मांगा गया है। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 42 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।


