उत्तराखंड:यहां पुलिस ने 25 दिन में सुलझाया ब्लाइंड मर्डर केस
हरिद्वार। चंडी देवी रोपवे मार्ग के पास जंगल में मिले अज्ञात महिला के शव के मामले में हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब 25 दिन तक चली गहन जांच के बाद पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार महिला की हत्या प्रेम संबंधों और शादी के दबाव को लेकर की गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कई महत्वपूर्ण सुराग जुटाए…जिसके आधार पर आरोपियों तक पहुंचना संभव हो सका।जानकारी के मुताबिक 10 मई को थाना श्यामपुर क्षेत्र में चंडी देवी रोपवे के पास झाड़ियों में एक महिला का शव मिला था। उस समय शव की पहचान नहीं हो सकी थी, जिससे पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई थी।जांच के दौरान महिला के हाथों पर बने टैटू पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुए। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी और मैनुअल जांच को आगे बढ़ाते हुए 600 घंटे से अधिक सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की। साथ ही 1.64 लाख मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया गया और विभिन्न राज्यों में दर्ज गुमशुदगी मामलों की भी जांच की गई।लगातार प्रयासों और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

