बागेश्वर:मैगड़ी स्टेट में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में विभिन्न विभागों ने दी योजनाओं की जानकारी, लाभार्थियों को मिला लाभ

बागेश्वर,
📌 मैगड़ी स्टेट में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में विभिन्न विभागों ने दी योजनाओं की जानकारी, लाभार्थियों को मिला लाभ
📌 सेवा पखवाड़ा शिविरों से प्रशासन ग्रामीणों के और करीब आया: जिलाधिकारी
राज्य सरकार के ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ तथा ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत सोमवार को विकासखंड गरुड़ के राजकीय इंटर कॉलेज, ग्राम मैगड़ी स्टेट में सेवा पखवाड़ा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ दिया गया। साथ ही जनसमस्याओं एवं शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया तथा विभिन्न प्रमाण-पत्रों एवं अन्य सेवाओं से संबंधित आवेदन भी प्राप्त किए गए।

शिविर में कुल 362 लोगों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 302 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर के दौरान 11 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका संबंधित विभागों द्वारा मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। विभिन्न प्रमाण पत्रों के लिए 34 आवेदन भी प्राप्त किए गए, जिन्हें नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। इस दौरान सहकारिता विभाग द्वारा विभिन्न व्यवसाय हेतु 5 लाख रुपये के ऋण का वितरण किया गया, साथ ही महा लक्ष्मी किट भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट ने भी प्रतिभाग किया। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं ग्रामीण क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने कहा कि इस प्रकार के बहुउद्देशीय शिविर शासन और प्रशासन को सीधे ग्रामीणों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक समस्या एवं सुझाव पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख किशन सिंह बोरा, मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, ग्राम प्रधान दीपक सिंह रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य गोविंद सिंह डसीला, भाजपा जिला महामंत्री घनश्याम जोशी, गोपाल सिंह किरमोलिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जनपद स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

