आगामी त्योहारों के दृष्टिगत अलर्ट मोड पर बागेश्वर फायर सर्विस;नगर क्षेत्र के फायर हाइड्रेंट्स की हुई लाइव टेस्टिंग
आगामी त्योहारों के दृष्टिगत अलर्ट मोड पर बागेश्वर फायर सर्विस; एसपी के निर्देश पर नगर क्षेत्र के फायर हाइड्रेंट्स की हुई लाइव टेस्टिंग, सभी पाए गए पूरी तरह कार्यशील।
आगामी पावन नवरात्रि पर्व, रामलीला मंचन एवं दशहरा उत्सव के दृष्टिगत नगर क्षेत्र में सुदृढ़ कानून-व्यवस्था व आपातकालीन सुरक्षा इंतजामों को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री जितेन्द्र कुमार मेहरा (IPS) के निर्गत आदेश-निर्देशों के अनुपालन में, नगर क्षेत्र में किसी भी संभावित अग्नि दुर्घटना से त्वरित निपटने तथा फायर हाइड्रेंट्स की कार्यक्षमता व स्थिति को परखने हेतु आज दिनांक-11/10/2026 को एक चेकिंग व टेस्टिंग अभियान चलाया गया । प्रभारी अग्निशमन अधिकारी श्री दिनेश चंद्र पाठक एवं प्रशिक्षु श्री सचिन सेमवाल द्वारा मय फायर यूनिट के साथ बागेश्वर नगर क्षेत्रांतर्गत सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान त्योहारों के मद्देनजर अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करने हेतु जल निगम बागेश्वर के पंप ऑपरेटर को भी टीम के साथ सम्मिलित किया गया।
अग्निशमन अधिकारियों व जल निगम की संयुक्त टीम द्वारा नगर के विभिन्न संवेदनशील व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर स्थापित फायर हाइड्रेंट्स (Fire Hydrants) को खोलकर उनकी कार्यक्षमता, वाटर प्रेशर और तकनीकी स्थिति की गहनता से लाइव टेस्टिंग की गई, ताकि किसी भी आकस्मिक आगजनी की घटना के समय पानी की उपलब्धता में कोई बाधा उत्पन्न न हो।
राहत की बात यह रही कि सघन चेकिंग एवं टेस्टिंग के दौरान नगर क्षेत्रांतर्गत स्थापित सभी फायर हाइड्रेंट बिल्कुल दुरुस्त और उच्च कार्यशील दशा में पाए गए। टीम द्वारा पंप ऑपरेटर को त्योहारों की समाप्ति तक पानी का प्रेशर पर्याप्त बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति के लिए अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं ।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने नगर की जनता व रामलीला कमेटियों से अपील की है कि वे पंडालों के आस-पास बिजली के तारों व शॉर्ट सर्किट के प्रति विशेष सावधानी बरतें। बागेश्वर फायर सर्विस किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए 24×7 अलर्ट मोड पर है। आग लगने की सूचना तत्काल फायर स्टेशन बागेश्वर या राष्ट्रीय आपातकालीन नंबर डायल 112 पर अवश्य दें।


