देहरादून: : एक दशक बाद खुलेगा फार्मासिस्ट भर्ती का रास्ता, 275 पदों पर भर्ती की तैयारी

Ad
ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की राह देख रहे फार्मेसी प्रशिक्षित युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। स्वास्थ्य विभाग में करीब एक दशक बाद फार्मासिस्टों की भर्ती का रास्ता खुलने जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के निर्देश पर विभाग ने 275 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव तैयार किया है। प्रस्ताव को शासन स्तर पर परीक्षण के बाद कैबिनेट के समक्ष रखा जाएगा। वित्त एवं कार्मिक विभाग की मंजूरी मिलने के बाद भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि स्वास्थ्य विभाग में लंबे समय से फार्मासिस्टों के पदों पर नियमित भर्ती नहीं हुई है। वर्ष 2005 में विभाग में 536 पदों पर भर्ती की गई थी। इसके बाद वर्ष 2009, 2013 और 2015 में बैकलॉग के कुछ पदों पर नियुक्तियां हुईं। हालांकि, इसके बाद से फार्मासिस्टों की भर्ती नहीं हो पाई है।
वर्ष 2015 में भी बेरोजगार युवाओं की मांग को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने 500 पदों पर भर्ती का निर्णय लिया था, लेकिन यह प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। ऐसे में बड़ी संख्या में फार्मेसी का प्रशिक्षण प्राप्त युवा लंबे समय से सरकारी नौकरी की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
10 हजार से अधिक प्रशिक्षित बेरोजगारों को उम्मीद

विभागीय सूत्रों के अनुसार स्वास्थ्य उपकेंद्रों में फार्मासिस्टों की नियुक्ति के लिए 275 पदों का प्रस्ताव तैयार किया गया है। फिलहाल इस प्रस्ताव पर शासन स्तर पर विचार-विमर्श चल रहा है। प्रदेश में वर्तमान में 10 हजार से अधिक प्रशिक्षित फार्मेसी बेरोजगार बताए जा रहे हैं। ऐसे में भर्ती प्रस्ताव को मंजूरी मिलने से युवाओं को सरकारी सेवा में अवसर मिलने की उम्मीद जगी है।
प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार देना सरकार का प्रयास: सुबोध उनियाल

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि फार्मेसी संवर्ग के प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। इसके लिए विभाग की ओर से 275 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव तैयार किया गया है। शासन स्तर पर परीक्षण के बाद इसे कैबिनेट में रखा जाएगा।

ADVERTISEMENTS
Ad
Ad
Ad
Ad
Ad