उत्तराखंड:सीएम धामी का बड़ा आदेश, अक्टूबर से खुद सड़कों पर उतरेंगे; अधिकारियों में मची हलचल
देहरादून: उत्तराखंड में मानसून के बाद खराब सड़कों को ठीक करने के लिए सरकार बड़े स्तर पर अभियान चलाने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश की सड़कों की स्थिति और उनके सुधार को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में शहरों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों को भी प्राथमिकता के आधार पर ठीक करने पर जोर दिया गया। लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और अन्य संबंधित विभागों के तहत आने वाली सड़कों के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
मानसून खत्म होते ही शुरू होंगे काम
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून समाप्त होते ही सड़क सुधार के काम युद्धस्तर पर शुरू किए जाएं। इसके लिए निविदा प्रक्रिया और दूसरी जरूरी तैयारियां पहले से पूरी करने को कहा गया है…ताकि बारिश खत्म होने के बाद सड़क निर्माण और मरम्मत में देरी न हो।
पुरानी पीएमजीएसवाई सड़कों पर भी होगा काम
बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी उन पुरानी सड़कों पर भी चर्चा हुई…जिनकी अनुरक्षण अवधि पूरी हो चुकी है। ऐसी सड़कों के नियमित रखरखाव में आ रही दिक्कतों को देखते हुए सरकार की ओर से आवश्यक बजट उपलब्ध कराने पर विचार किया गया।
नगर निकायों को भी मिलेगा बजट
शहरी क्षेत्रों की खराब सड़कों को ठीक करने के लिए नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों को आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। इससे शहरों की सड़कों की मरम्मत और सुधार के काम को गति मिलने की उम्मीद है।
अक्टूबर से सड़कों का दौरा करेंगे सीएम
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वह अक्टूबर से प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों का सड़क मार्ग से दौरा करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सड़कों के सुधार की ठोस योजना तैयार करने और तय समय में काम पूरा करने के निर्देश दिए।सरकार का लक्ष्य शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में सड़कों को बेहतर और आवाजाही के लिए सुगम बनाना है।


