उत्तराखंड:यहां दुष्कर्म मामले में चर्चा में आए त्रिशूल होमस्टे पर प्रशासन का बुलडोजर, सरकारी भूमि से हटाया अतिक्रमण
हल्द्वानी। नाबालिग से दुष्कर्म के मामले को लेकर सुर्खियों में आए त्रिशूल होमस्टे होटल के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को प्रशासन की टीम ने पनियाली स्थित होटल परिसर में सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को नोटिस देने के बाद ध्वस्त कर दिया। इससे पहले प्रशासन ने होटल को सील भी कर दिया था।
गौरतलब है कि नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में एबीवीपी के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सहित चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस प्रकरण के सामने आने के बाद त्रिशूल होमस्टे होटल भी चर्चा में आया था।
मामले की गंभीरता और होटल से जुड़े तथ्यों के सामने आने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए होटल को सील कर दिया था। वहीं, अब सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को चिह्नित कर संबंधित पक्ष को नोटिस जारी किया गया। नोटिस की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बुधवार को प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया।


