बागेश्वर:आगामी ऐतिहासिक कोट भ्रामरी मेले की सुरक्षा को लेकर बैजनाथ पुलिस अलर्ट; प्रभारी निरीक्षक ने बैठक कर दिए सुरक्षा व सुचारू यातायात के कड़े निर्देश ।
पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री जितेन्द्र मेहरा (IPS) के कुशल निर्देशन में जनपद में आगामी त्योहारों और धार्मिक मेलों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित व गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में आज दिनांक-16/09/2026 को कोतवाली बैजनाथ परिसर में प्रभारी निरीक्षक कैलाश सिंह नेगी द्वारा आगामी प्रसिद्ध कोट भ्रामरी मेले के सफल आयोजन, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा सुरक्षा प्रबंधों को सुदृढ़ करने हेतु कोतवाली के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारीगणों के साथ एक मीटिंग ली गई। मीटिंग के दौरान प्रभारी निरीक्षक द्वारा सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कर्मचारीगणों को निम्नलिखित मुख्य दिशा-निर्देश निर्गत किए गए । मेले के दौरान मंदिर परिसर, मेला स्थल और भीड़भाड़ वाले संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। असामाजिक तत्वों, हुड़दंगियों और जेबकतरों पर नजर रखने के लिए सादे वस्त्रों में भी महिला व पुरुष पुलिस कर्मियों को तैनात करने के निर्देश दिए गए।
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय जनता को जाम की समस्या से न जूझना पड़े, इसके लिए यातायात रूट प्लान तैयार करने और वाहनों के लिए निर्धारित स्थानों पर ही व्यवस्थित पार्किंग* सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
प्रभारी निरीक्षक ने सभी पुलिस कर्मियों को हिदायत दी कि मेले में दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के साथ अत्यंत शालीन, मर्यादित और सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए तथा आपात स्थिति में त्वरित सहायता पहुँचाई जाए।
मेले के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों, शांति व्यवस्था भंग करने वालों और अफवाह फैलाने वाले संदिग्धों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम तथा पुलिस एक्ट के तहत तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए गए।बैठक के अंत में प्रभारी निरीक्षक कैलाश सिंह नेगी ने सभी अधिकारी व कर्मचारियों को मुस्तैदी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन के निर्देश दिये ताकि कोट भ्रामरी मेला पूरी तरह शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।


