बागेश्वर:नगरपालिका परिषद बोर्ड बैठक में विकास कार्यो पर मंथन, किन्नर समाज की बधाई धनराशि हुई निर्धारित

ख़बर शेयर करें

बागेश्वर: नगर पालिका परिषद बागेश्वर के सभागार में मंगलवार को बोर्ड बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में नगर पालिका के सभी सभासद, अधिशासी अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे। बैठक में नगर के विकास, स्वच्छता व्यवस्था, पथ प्रकाश, सौंदर्यीकरण और जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान नगर के समग्र विकास को गति देने के लिए कई प्रस्तावों पर विचार-विमर्श कर निर्णय लिए गए।

बैठक में किन्नर समाज द्वारा शुभ कार्यों के अवसर पर बधाई स्वरूप ली जाने वाली धनराशि को विनियमित करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। निर्णय के अनुसार बड़े शुभ कार्यो के लिए ₹5,100 और छोटे शुभ कार्यों के लिए ₹2,100 की राशि निर्धारित की गई है। निर्धारित राशि से अधिक धनराशि की अनिवार्य मांग किए जाने पर ₹10,000 का जुर्माना लगाने का प्रावधान किया गया है।इसके अलावा नगर के सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने को लेकर भी कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। पूर्व निर्मित झूला पुल के स्थान पर नए पुल का निर्माण कार्य गतिमान होने की जानकारी दी गई। पुल के दोनों ओर दुकानों के निर्माण तथा हाईटेक शौचालय बनाने का प्रस्ताव भी रखा गया, जिसे बैठक में मंजूरी दी गई।

सभासदों ने नगर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था दुरुस्त करने और विभिन्न क्षेत्रों में सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। बैठक में लिए गए निर्णयों से नगर में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई गई।

ADVERTISEMENTS
Ad Ad Ad Ad Ad
Ad