बागेश्वर: मन्यूड़ा–नरग्वाड़ी मोटर मार्ग के निर्माण हेतु ₹1.22 करोड़ से अधिक की स्वीकृति

Ad
ख़बर शेयर करें

बागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड गरुड़ में मन्यूड़ा–नरग्वाड़ी मोटर मार्ग के निर्माण हेतु ₹1 करोड़ 22 लाख 40 हजार (₹122.40 लाख) की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस स्वीकृति से क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ ही ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी।

मोटर मार्ग के निर्माण से क्षेत्रीय ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुँचाने, विद्यार्थियों को विद्यालय एवं महाविद्यालय आने-जाने तथा मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँचने में सहूलियत होगी। यह मार्ग क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

विधायक श्रीमती पार्वती दास ने जताया आभार

इस संबंध में बागेश्वर की विधायक श्रीमती पार्वती दास ने कहा कि मन्यूड़ा–नरग्वाड़ी मोटर मार्ग के निर्माण हेतु स्वीकृति मिलना क्षेत्रवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। सड़कें पर्वतीय क्षेत्रों की जीवनरेखा हैं और बेहतर सड़क सुविधा से ग्रामीणों का जीवन सुगम होने के साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।

उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार गाँव-गाँव तक सड़क सुविधा पहुँचाने और पर्वतीय क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हमारी प्राथमिकता बागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गाँव तक बुनियादी सुविधाएँ पहुँचाना तथा जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना है। मन्यूड़ा–नरग्वाड़ी मोटर मार्ग की स्वीकृति इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”

विधायक श्रीमती पार्वती दास ने इस जनहितकारी स्वीकृति के लिए प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी, पीएमजीएसवाई के उपाध्यक्ष (दर्जा राज्यमंत्री) श्री शिव सिंह बिष्ट तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए उनके प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

उन्होंने कहा कि बागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित मूलभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रदेश सरकार के सहयोग से विकास कार्यों को गति देकर जनआकांक्षाओं को पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।

ADVERTISEMENTS
Ad
Ad
Ad