बागेश्वर में राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आगाज,नौ जिलों के 220 से अधिक खिलाड़ी कर रहे हैं प्रतिभाग

ख़बर शेयर करें

बागेश्वर। इंडोर स्टेडियम बागेश्वर में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय विद्यालयी ताइक्वांडो प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक पार्वती दास ने किया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। प्रतियोगिता में प्रदेश के नौ जिलों बागेश्वर, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, अल्मोड़ा, चंपावत और पिथौरागढ़ के 220 से अधिक खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता में अंडर-14 बालक-बालिका वर्ग के साथ ही अंडर-17 और अंडर-19 बालिका वर्ग की स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, तकनीक और दमखम का प्रदर्शन करते हुए पदक जीतने के लिए जोर लगा रहे हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए विधायक पार्वती दास ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस तरह की प्रतियोगिताएं छात्र-छात्राओं को बेहतर खेल प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ ही दूसरे जिलों के खिलाड़ियों से सीखने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि खेलों में सफलता हासिल करने के लिए मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास जरूरी है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के साथ उन्हें भविष्य में उच्च स्तर पर खेलने के लिए तैयार करते हैं। जिला खेल समन्वयक कमलेश तिवारी ने कहा कि बागेश्वर में राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन होना जिले के लिए अच्छी बात है। इससे स्थानीय छात्र-छात्राओं को राज्य स्तर के खिलाड़ियों के बीच होने वाली प्रतिस्पर्धा को करीब से देखने और उनसे सीखने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ ही उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित करती हैं। स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिलता है, जो उनके खेल कौशल को विकसित करने में सहायक साबित होता है। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने और एक-दूसरे से सीखने का अवसर मिल रहा है। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खेल प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों की नजरें टिकी हैं। इस दौरान प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी किरन परिहार,दीपक जोशी, राजेंद्र पूना, कुंदन कालाकोटी आदि मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS
Ad Ad Ad
Ad
Ad
Ad