मुख्यमंत्री धामी ने मांगा युवाओं का विजन, 2.67 लाख विद्यार्थियों ने भेज दिए अपने विचार

ख़बर शेयर करें

देहरादून: उत्तराखंड के भविष्य को लेकर प्रदेश के स्कूली विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में अपनी सोच और सुझाव मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तक पहुंचाए हैं। ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान के तहत कक्षा 11वीं और 12वीं के 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने विचार और निबंध पोर्टल पर अपलोड किए हैं।

प्रदेश में 11वीं और 12वीं कक्षा में कुल 2,96,426 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इनमें करीब 90.63 प्रतिशत विद्यार्थियों ने इस अभियान में हिस्सा लिया है। विद्यार्थियों ने अपने निबंधों के जरिए बताया कि वे आने वाले समय में उत्तराखंड को कैसा देखना चाहते हैं।विद्यार्थियों ने पर्यटन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक विकास, वन एवं पर्यावरण और तकनीक समेत आठ प्रमुख विषयों पर अपने विचार साझा किए हैं। इन सुझावों में युवाओं ने राज्य के विकास, रोजगार के अवसरों और बेहतर सुविधाओं को लेकर अपनी सोच सामने रखी है।
अभियान में रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और चमोली के 11वीं-12वीं के सभी विद्यार्थियों ने भागीदारी की है। पौड़ी में 98.82 प्रतिशत और अल्मोड़ा में 97.46 प्रतिशत विद्यार्थियों ने अपने विचार भेजे।

देहरादून में 63,666 विद्यार्थियों में से 47,358 यानी 74.39 प्रतिशत विद्यार्थियों ने अभियान में हिस्सा लिया। वहीं हरिद्वार से 91.77 प्रतिशत, टिहरी से 91.57 प्रतिशत, बागेश्वर से 89.26 प्रतिशत, नैनीताल से 85.89 प्रतिशत और उत्तरकाशी से 84.93 प्रतिशत विद्यार्थियों ने अपने निबंध भेजे हैं।
अभियान के तहत प्राप्त निबंधों का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और विशेषज्ञों की टीम द्वारा अवलोकन किया जा रहा है। श्रेष्ठ 140 विचारों का चयन किया जाएगा। इन विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री और शासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अपने विचार साझा करने का मौका मिलेगा। अभियान के परिणाम 16 सितंबर को सामने आने की बात कही गई है।

चयनित विद्यार्थियों को करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग के साथ अन्य पुरस्कार भी दिए जाने की व्यवस्था की गई है।

अभियान में निबंध भेजने वाले विद्यार्थियों को डिजिटल प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराया गया है। अभियान के तहत अलग-अलग जिलों, ब्लॉकों, स्कूलों और विद्यार्थियों से जुड़ी जानकारी भी दर्ज की गई है।
अभियान के संयोजक डॉ. राहुल अग्रवाल ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य प्रदेश की नई पीढ़ी को विकास और नीति निर्माण की सोच से जोड़ना है। विद्यार्थियों के विचारों को उत्तराखंड के भविष्य की दिशा तय करने में उपयोगी माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विद्यार्थियों के विचारों में उत्तराखंड को नई दिशा देने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि युवाओं के उपयोगी और व्यावहारिक सुझावों को प्रदेश के विकास में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा।

ADVERTISEMENTS
Ad Ad Ad Ad Ad
Ad