हल्द्वानी की सड़कों के गड्ढे भरने में तेजी लाने के निर्देश, पानी की लीकेज ठीक करने के लिए मिला 2 दिन का समय
हल्द्वानी: शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। नगर मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को शेष काम प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने को कहा। वहीं सड़कों को नुकसान पहुंचा रही पानी की लीकेज ठीक करने के लिए जल संस्थान को दो दिन का समय दिया गया है।
समीक्षा बैठक में लोक निर्माण विभाग नगर निगम और एडीबी परियोजना के तहत सड़कों को गड्ढामुक्त करने के काम की प्रगति पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि अब तक 50 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है…जबकि बाकी काम जारी है।
बैठक में विभागीय अधिकारियों ने बताया कि मानसून की देर से वापसी, इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुई बारिश और प्लांट से बिटुमेन की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने से काम की गति प्रभावित हुई है।
नगर मजिस्ट्रेट और नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में सड़कों की प्राथमिकता तय कर बाकी काम युद्धस्तर पर पूरा करें। आगामी दिनों में सभी संबंधित मार्गों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में यह भी सामने आया कि शहर के कई मार्गों पर पानी की लीकेज के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल संस्थान के अधिकारियों को संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर दो दिन के भीतर सभी लीकेज ठीक करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि लीकेज ठीक होने से सड़क मरम्मत और रीसरफेसिंग के काम में बाधा नहीं आएगी। बैठक में यूयूएसडीए, लोक निर्माण विभाग, जल निगम, जल संस्थान और नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।


