पुलिस-पब्लिक संवाद को मजबूत करती बागेश्वर पुलिस: कोतवाली बैजनाथ में व्यापार मंडल के साथ हुई गोष्ठी, तो थाना झिरौली पुलिस ने ग्रामीणों को सिखाए साइबर सुरक्षा व नशा मुक्ति के गुर
पुलिस-पब्लिक संवाद को मजबूत करती बागेश्वर पुलिस: कोतवाली बैजनाथ में व्यापार मंडल के साथ हुई गोष्ठी, तो थाना झिरौली पुलिस ने ग्रामीणों को सिखाए साइबर सुरक्षा व नशा मुक्ति के गुर
पुलिस अधीक्षक बागेश्वर डॉ. जगदीश चन्द्र (IPS) के कुशल निर्देशन में जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, जन-संवाद स्थापित करने और आमजन को जागरूक करने हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 29/11/2026 को कोतवाली बैजनाथ एवं थाना झिरौली पुलिस द्वारा व्यापारियों व स्थानीय नागरिकों के साथ गोष्ठी एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बैजनाथ श्री विजय सिंह मेहता द्वारा कोतवाली परिसर में बैजनाथ व गरुड़ क्षेत्र के व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं स्थानीय व्यापारियों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी के दौरान पुलिस द्वारा व्यापारियों को अपनी प्राथमिकताओं से अवगत कराया गया तथा व्यापारियों द्वारा रखी गई स्थानीय एवं यातायात संबंधी समस्याओं के प्रभावी और त्वरित समाधान हेतु आश्वस्त किया गया। साथ ही, क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई।

इसी क्रम में थानाध्यक्ष झिरौली उ0नि0 मनोहर चन्द के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा थाना क्षेत्रान्तर्गत कठपुलियाछीना एवं असों में स्थानीय नागरिकों के साथ जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
दोनों कार्यक्रमों में पुलिस टीमों द्वारा व्यापारियों एवं आम जनमानस को वर्तमान चुनौतियों और सुरक्षा नियमों के प्रति विस्तारपूर्वक जागरूक किया गया:
• साइबर सुरक्षा से बचाव: अनजान फोन कॉल्स, फर्जी लिंक, “डिजिटल अरेस्ट” और लॉटरी के प्रलोभन से बचने की सलाह दी गई। किसी भी व्यक्ति के साथ बैंक खाते का विवरण, एटीएम पिन या ओटीपी (OTP) साझा न करने तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।
• नशा मुक्ति अभियान: युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग से आगे आने का आह्वान किया गया तथा अवैध नशे का कारोबार करने वालों की गोपनीय सूचना तत्काल पुलिस या मानस हेल्पलाइन 1933 पर देने हेतु प्रेरित किया गया।
• बाहरी व्यक्तियों का अनिवार्य सत्यापन: क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी मकान मालिकों व व्यापारियों से अपने किरायेदारों, घरेलू नौकरों और बाहरी मजदूरों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने की अपील की गई।
• यातायात नियमों का पालन: सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करने तथा नाबालिगों को वाहन न देने की सख्त हिदायत दी गई।
• संदिग्ध गतिविधियों की सूचना: अपने आस-पास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि पर नजर रखने तथा किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर डायल 112 पर संपर्क करने को कहा गया।


