उत्तराखंड:UKSSSC के माध्यम से 221 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

UKSSSC के माध्यम से 221 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र

धामी बोले- युवाओं के भविष्य से नहीं होगा समझौता

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों में चयनित 221 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। ये नियुक्तियां उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) के माध्यम से शहरी विकास, कौशल विकास एवं सेवायोजन तथा पशुपालन विभाग में हुई हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी चयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि यह उनके वर्षों के परिश्रम और संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में राज्य सरकार 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं से जोड़ चुकी है।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। नई स्टार्टअप नीति, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और युवा प्रोत्साहन योजनाओं के माध्यम से युवाओं को आर्थिक और तकनीकी रूप से मजबूत बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अब भर्ती प्रक्रियाएं पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी हो रही हैं। सरकार ने नकल माफियाओं पर सख्त कार्रवाई करते हुए कड़ा नकल विरोधी कानून लागू किया है, जिससे योग्य युवाओं को निष्पक्ष अवसर मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभागों में खाली पदों को जल्द से जल्द भरा जाए। उन्होंने नवचयनित अभ्यर्थियों से जनता की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने और उत्तराखंड के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बताया गया कि कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अंतर्गत 173 अनुदेशक और 4 वैयक्तिक सहायकों, पशुपालन विभाग में 9 वैयक्तिक सहायकों तथा शहरी विकास विभाग में 35 सहायक लेखाकारों को नियुक्ति पत्र दिए गए।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, राम सिंह कैड़ा, गणेश जोशी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Ad
Ad Ad