बागेश्वर: कंट्रीवाइड पब्लिक स्कूल में नर्सरी से कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों के लिए वार्षिक प्रगति पत्र वितरण समारोह आयोजित

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

कंट्रीवाइड पब्लिक स्कूल, कठायतबाड़ा बागेश्वर में नर्सरी से कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों के लिए वार्षिक प्रगति पत्र वितरण समारोह विद्यालय परिसर में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि विद्यालय के कोषाध्यक्ष श्री शंकर पांडे जी, विशिष्ट अतिथि एवं प्रबंधक श्री नंदाबल्लभ भट्ट जी, प्रधानाचार्य श्री सुखविंदर सिंह विर्दी जी तथा उप-प्रधानाचार्य श्री महेश पांडे जी द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

इसके उपरांत विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी उपस्थित जनों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में समस्त अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह के दौरान शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ-साथ वर्ष भर नियमित उपस्थिति रखने वाले तथा खेल, सांस्कृतिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।


अपने प्रेरणादायक संबोधन में प्रधानाचार्य श्री सुखविंदर सिंह विर्दी ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल साक्षरता तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों को एक सुसंस्कृत, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना है। उन्होंने महान कवि व लेखक हरिवंश राय बच्चन की काव्य-पंक्तियों के माध्यम से प्रकृति एवं जीवन मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए सभी का मन मोह लिया। उप-प्रधानाचार्य श्री महेश पांडे ने भी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर परिश्रम एवं अनुशासन के मार्ग पर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया।


विशिष्ट अतिथि एवं प्रबंधक श्री नंद बल्लभ भट्ट ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में बच्चों को मोबाइल की लत से दूर रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को अधिक से अधिक रचनात्मक गतिविधियों, खेलकूद एवं अध्ययन की ओर प्रेरित करें, जिससे उनका सर्वांगीण विकास संभव हो सके। साथ ही उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों पर हार्दिक बधाई दी तथा कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता के लिए अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।


कार्यक्रम का प्रभावी संचालन श्रीमती पूर्णिमा खेतवाल एवं श्रीमती हर्षिता शाह द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारीगण एवं अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन उत्साह, उल्लास एवं सकारात्मक ऊर्जा के साथ हुआ।

Ad
Ad Ad