उत्तराखंड: कुमाऊं में यहां घर में गीजर ठीक करने आया था आसिफ, अलमारी से जेवर उड़ाकर ले गया, अब गिरफ्तार
हल्द्वानी। घर में गीजर ठीक करने के बहाने पहुंचे शख्स ने अलमारी से सोने के जेवर चोरी कर लिए। परिवार को इसकी भनक तक नहीं लगी…लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो आरोपी की पहचान हो गई। हल्द्वानी पुलिस ने चोरी की इस वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से करीब पांच तोले के दो सोने के कड़े और 2 लाख 29 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
मामला हल्द्वानी के गुरुनानकपुरा इलाके का है। यहां रहने वाले अतुल नागपाल ने 25 नवंबर को कोतवाली हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 17 नवंबर को आसिफ नाम का एक व्यक्ति उनके घर गीजर ठीक करने के बहाने आया था। इसी दौरान उसने घर की अलमारी से सोने के जेवर चोरी कर लिए।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम को जल्द से जल्द आरोपी की पहचान कर गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच और सुरागरसी के आधार पर पुलिस ने चोरी की वारदात में शामिल आसिफ पुत्र शमीम अहमद की पहचान की। इसके बाद 26 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए दो पीली धातु के कड़े बरामद किए…जिनका वजन करीब पांच तोला बताया गया है। इसके अलावा 2 लाख 29 हजार रुपये नकद भी बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक यह रकम चोरी किए गए आभूषण बेचकर हासिल की गई थी। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) भी बढ़ाई गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 33 वर्षीय आसिफ निवासी लाइन नंबर-18, आजाद नगर, चोरगलिया रोड, बनभूलपुरा के रूप में हुई है। इस कार्रवाई में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए 2 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।


