बागेश्वर:अंकिता भंडारी हत्याकांड कांग्रेस ने की सीबीआई जांच की मांग,कार्यकर्ताओं का कैंडल मार्च
बागेश्वर। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस ने बागेश्वर में कैंडल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष अर्जुन भट्ट के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक से गांधी मूर्ति तक कैंडल मार्च निकाला और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की।
इस दौरान जिलाध्यक्ष अर्जुन भट्ट ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में भाजपा के पन्ना प्रमुख से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक की चुप्पी बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि नारी सम्मान की बात करने वाली भाजपा ने इस मामले में देवभूमि उत्तराखंड की छवि को प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश और विदेशों तक कलंकित करने का काम किया है। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि इस प्रकरण में गट्टू सहित अन्य संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ निष्पक्ष व कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही मामले की सच्चाई सामने लाने और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए सीबीआई जांच कराए जाने की भी पुरजोर मांग की गई।
कैंडल मार्च में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, सुरेश खेतवाल, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री राजेंद्र टंगड़िया, बालकृष्ण, कुंदन गोस्वामी, प्रकाश आर्य, महेश पंत, गौरव परिहार, केवलानंद पांडे, देव टम्टा, सुनील भंडारी, विनोद पाठक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर अंकिता भंडारी को श्रद्धांजलि अर्पित की और दोषियों को शीघ्र सजा दिलाने की मांग दोहराई।

