बागेश्वर:जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सुनीं मातृशक्ति की समस्याएं

✅ “कोशिश – एक नई आशा महिला सुरक्षा के लिए बागेश्वर पुलिस का विशेष थाना दिवस”
✅ महिलाओं की शिकायतों का त्वरित समाधान, जागरूकता और विश्वास का मजबूत संदेश
✅ जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सुनीं मातृशक्ति की समस्याएं
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आज दिनांक 08-03-2026 को पुलिस महानिरीक्षक कुमायूँ परिक्षेत्र रिद्धिम अग्रवाल के निर्देशन में व पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री जितेन्द्र मेहरा के कुशल पर्यवेक्षण में जनपद बागेश्वर के समस्त थानों में “कोशिश – एक नई आशा” थीम के अंतर्गत महिला सुरक्षा को समर्पित विशेष थाना दिवस का आयोजन किया गया।
पुलिस अधीक्षक बागेश्वर, श्री जितेन्द्र मेहरा (IPS) की उपस्थिति में कोतवाली बागेश्वर में थाना दिवस का आयोजन किया गया । कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी बागेश्वर, श्रीमती आकांक्षा कोंडे (IAS) द्वारा की गई। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से मातृशक्ति की समस्याओं और शिकायतों को संवेदनशीलता से सुना और उनका मौके पर ही गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया। ‘थाना दिवस’ के दौरान, समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को जिलाधिकारी बागेश्वर ने पुरस्कृत एवं सम्मानित किया। जनपद के अन्य सभी थाना क्षेत्रों में भी स्थानीय पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में महिलाओं की शिकायतों का समाधान किया गया।
आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित, सशक्त और जागरूक बनाना तथा उनकी शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना रहा। थाना दिवस के दौरान महिला हेल्पलाइन एवं ऐच्छिक ब्यूरो में लंबित प्रकरणों से संबंधित पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना गया। उपस्थित अधिकारियों द्वारा प्रत्येक मामले का परीक्षण कर उनके शीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को उनके विधिक अधिकारों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, दहेज उत्पीड़न, छेड़छाड़ एवं अन्य अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों तथा महिला सहायता हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जागरूक किया गया।
थाना दिवस के अवसर पर जनपद के समस्त थानों में कुल -16 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 04 शिकायतें महिला संबंधी थीं। प्राप्त 16 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही किया गया।
थाना दिवस के अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक बागेश्वर श्री अजय शाह द्वारा कोतवाली बैजनाथ में, पुलिस उपाधीक्षक कपकोट श्री मनीष शर्मा द्वारा थाना कपकोट में उपस्थित रहकर आम जनता की समस्याओं को सुना गया और उनके त्वरित समाधान हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की गई।
बागेश्वर पुलिस द्वारा थाना दिवस के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि महिला सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की शिकायत पर त्वरित, संवेदनशील एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
“कोशिश – एक नई आशा” अभियान महिलाओं के प्रति विश्वास, सुरक्षा और सम्मान की भावना को मजबूत करने की दिशा में बागेश्वर पुलिस का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
बागेश्वर पुलिस का संदेश
सशक्त महिला – सुरक्षित समाज, यही है ‘कोशिश – एक नई आशा’ का संकल्प।

