बागेश्वर:जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक ली
बागेश्वर
जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने सोमवार को जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं जनोपयोगी बनाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण बढ़ाने ,गंभीर रक्ताल्पता सहित उच्च जोखिम वाली मातृ स्वास्थ्य संबंधी स्थितियों की नियमित निगरानी, समय पर उपचार एवं रेफरल तथा आपातकालीन मामलों में एम्बुलेंस की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में पीआरडी जवानों की तैनाती तथा बायो मेडिकल अपशिष्ट के उचित निस्तारण हेतु आवश्यक प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा।
बैठक में टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा में बताया गया कि जनपद में 150 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। 16,883 व्यक्तियों का एक्स-रे किया जा चुका है। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत 1 अप्रैल से अब तक 6,396 विद्यार्थियों तथा 517 आंगनबाड़ी केंद्रों में 6,244 बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुमार आदित्य तिवारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अमित मिश्रा, प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गिरिजा शंकर जोशी, जिला टीबी अधिकारी डॉ. पाठक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


