बागेश्वर:एलपीजी आपूर्ति को लेकर भ्रम की स्थिति न बनाएं, घबराहट में गैस बुकिंग से बचें
बागेश्वर,
📌एलपीजी आपूर्ति को लेकर भ्रम की स्थिति न बनाएं, घबराहट में गैस बुकिंग से बचें
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार हाल के दिनों में तकनीकी कारणों से एलपीजी वितरण से संबंधित एसडीएमएस (SDMS) प्रणाली में अस्थायी व्यवधान उत्पन्न हुआ, जिसके चलते कुछ स्थानों पर गैस बुकिंग तथा डीएसी (Delivery Authentication Code) जनरेशन की प्रक्रिया प्रभावित हुई। इस कारण रिफिल की डिलीवरी में विलंब की स्थिति बनी और उपभोक्ताओं में गैस की कमी को लेकर भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
कंपनी द्वारा स्पष्ट किया गया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और एलपीजी की कोई कमी नहीं है।
वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए उपभोक्ताओं को समय पर रिफिल उपलब्ध कराने के लिए कुछ समय के लिए डीएसी (OTP) की अनिवार्यता में अस्थायी रूप से छूट दी गई है, ताकि वितरण प्रक्रिया सुचारु रूप से जारी रह सके।
निर्देशों के अनुसार जिन उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग पहले से दर्ज है, उन्हें निर्धारित समय के अनुसार रिफिल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि बिना बुकिंग के गैस वितरण नहीं किया जाएगा तथा वितरण प्रक्रिया निर्धारित मानकों के अनुरूप ही संचालित की जाएगी।
यदि किसी कारणवश ऑनलाइन बुकिंग संभव नहीं हो पा रही है, तो गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं की मैनुअल बुकिंग दर्ज करने तथा सिस्टम पुनः सुचारु होने पर उसे एसडीएमएस प्रणाली में प्रविष्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए एजेंसियों को बुकिंग रजिस्टर में उपभोक्ता का नाम, ग्राहक संख्या, मोबाइल नंबर तथा हस्ताक्षर सहित विवरण दर्ज करने को कहा गया है, जिससे वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
उपभोक्ताओं को यह भी सलाह दी गई है कि वे 25 दिनों की निर्धारित अवधि से पहले गैस बुकिंग का प्रयास न करें। अनावश्यक या बार-बार बुकिंग करने से सिस्टम पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है और अन्य उपभोक्ताओं को असुविधा हो सकती है।
इंडियन ऑयल द्वारा यह भी अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें तथा घबराहट में गैस बुकिंग (पैनिक बुकिंग) न करें। एलपीजी आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था सामान्य रूप से संचालित की जा रही है और उपभोक्ताओं को समय पर रिफिल उपलब्ध कराया जा रहा है।
जनपद बागेश्वर के घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि वे संयम बनाए रखें तथा गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें। जनपद में घरेलू गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है।



