बागेश्वर:जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर, सीएम हेल्पलाइन व विकास योजनाओं की समीक्षा — डीएम आकांक्षा कोंडे ने दिए अधिकारियों को कड़े निर्देश

ख़बर शेयर करें

बागेश्वर,

📌 जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर, सीएम हेल्पलाइन व विकास योजनाओं की समीक्षा — डीएम आकांक्षा कोंडे ने दिए अधिकारियों को कड़े निर्देश

जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता दरबार में आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कई शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक के दौरान सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों के माध्यम से सामने आई जनसमस्याओं को भी संज्ञान में लेते हुए संबंधित विभागों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं के अंतर्गत शेष बजट को समयबद्ध रूप से व्यय किया जाए। साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 की जिला योजना तैयार करते समय जनप्रतिनिधियों से संवाद कर उनके सुझावों को भी योजना में शामिल किया जाए, ताकि विकास कार्य स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप हो सकें।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का कार्य आपदा आने पर केवल प्रतिक्रिया देना नहीं, बल्कि पहले से तैयार रहना होना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को आपदा प्रबंधन के प्रति सतर्क रहते हुए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि ग्राम प्रधान के माध्यम से प्रत्येक गांव में पेयजल उपलब्धता का विस्तृत डेटा संकलित किया जाए, जिससे योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।

इसके अतिरिक्त बैठक में घिरौली स्थित कांडा पाइपिंग पेयजल योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत 89 गांवों को जोड़ने के लक्ष्य के तहत प्रतिदिन कम से कम 5 गांवों को जल आपूर्ति सुचारू की जाए, ताकि ग्रामीणों को शीघ्र पेयजल सुविधा उपलब्ध हो सके।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को कार्यालय समय का कड़ाई से पालन करने, सभी कार्यालयों में बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली को नियमित रूप से संचालित रखने तथा सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS
Ad Ad Ad Ad Ad
Ad