बागेश्वर:आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में पहल, डीएम की अध्यक्षता में जिला उद्योग मित्र समिति की बैठक संपन्न

ख़बर शेयर करें

बागेश्वर,

📌आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में पहल, डीएम की अध्यक्षता में जिला उद्योग मित्र समिति की बैठक संपन्न

जनपद में औद्योगिक विकास एवं रोजगार सृजन को गति देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आकांक्षा कोंड़े की अध्यक्षता में जिला उद्योग मित्र समिति एवं जिला प्राधिकरण अधिकृत समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उद्योग विभाग के अधिकारियों एवं स्थानीय उद्योगपतियों के साथ जनपद में उपलब्ध विभिन्न औद्योगिक संभावनाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान उद्योगपतियों द्वारा जनपद में सिडकुल (SIDCUL) की स्थापना की मांग रखी गई। इसके साथ ही सोप स्टोन (Soap Stone) आधारित प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने के सुझाव भी प्रस्तुत किए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित विभागों को अध्ययन कर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की अर्थव्यवस्था को मजबूती देना प्राथमिकता है। इसके लिए उद्योग मित्र समिति की बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी, ताकि प्रगति की निरंतर समीक्षा हो सके। उन्होंने जीएम, जिला उद्योग केंद्र (GM, DIC) को निर्देशित किया कि समस्त प्रस्तावों एवं औद्योगिक गतिविधियों की प्रगति की साप्ताहिक मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

डीएम ने कहा कि बागेश्वर जनपद को बेहतर रोजगार अवसरों वाला जिला बनाना लक्ष्य है। इसके लिए खाद्य प्रसंस्करण, औषधीय एवं सुगंधित पौधों, सोप स्टोन तथा एडवेंचर टूरिज्म जैसे क्षेत्रों में निवेश की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने उद्योगपतियों से निवेश के लिए आगे आने का आह्वान करते हुए आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार की ओर से उन्हें हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

बैठक में अपर जिलाधिकारी एन एस नबियाल, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र कविता भगत, डीटीडीओ पीके गौतम, वरिष्ठ कोषाधिकारी, नरेंद्र सिंह खेतवाल, दिलीप सिंह खेतवाल तथा संबंधित विभागों के अधिकारी, उद्योग संघों के प्रतिनिधि एवं उद्योगपति उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS
Ad Ad Ad Ad Ad
Ad