बागेश्वर:एन-कॉर्ड बैठक संपन्न: नशा तस्करी पर सख्ती, ‘मानस’ पोर्टल का वृहद प्रचार-प्रसार व विद्यालयों में एंटी ड्रग कमेटी को प्रभावी बनाने के निर्देश
बागेश्वर,
📌 एन-कॉर्ड बैठक संपन्न: नशा तस्करी पर सख्ती, ‘मानस’ पोर्टल का वृहद प्रचार-प्रसार व विद्यालयों में एंटी ड्रग कमेटी को प्रभावी बनाने के निर्देश
जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे की अध्यक्षता में आयोजित एन-कॉर्ड बैठक में जनपद में नशा तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण, एनडीपीएस मामलों में सख्त कार्रवाई तथा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि नशे से जुड़े मामलों में पूरी आपूर्ति शृंखला को चिन्हित कर उसे तोड़ने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा इस दिशा में सभी संबंधित विभाग समन्वित रूप से कार्य करें। बैठक में पूर्व एन-कॉर्ड बैठक के निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा प्रस्तुत की गई।
जनपद में चरस की आवक को लेकर जिलाधिकारी ने विस्तृत विश्लेषण कर ठोस कार्ययोजना बनाने तथा प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यालय या शिक्षण संस्थान में नशे से संबंधित प्रकरण सामने आने पर तत्काल और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विद्यालयों में नशा निरोधक गतिविधियों को सुदृढ़ करने हेतु सभी स्कूलों में नियमित एंटी ड्रग कमेटी की बैठकों का आयोजन अनिवार्य रूप से कराने तथा उनकी प्रभावी निगरानी मुख्य शिक्षा अधिकारी द्वारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्यालयों और महाविद्यालयों में संयुक्त निरीक्षण, जागरूकता कार्यक्रम तथा शिक्षा विभाग, पुलिस एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के समन्वय से अभियान निरतर चलाए जाने पर बल दिया गया।
बैठक में नशा उन्मूलन को सशक्त बनाने के लिए 1933 हेल्पलाइन से जुड़े ‘मानस’ पोर्टल के वृहद प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आमजन को इस पोर्टल के माध्यम से शिकायत, सूचना एवं परामर्श सुविधाओं की जानकारी व्यापक स्तर पर उपलब्ध कराई जाए।
नशामुक्ति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नशे से उबर चुके व्यक्तियों के अनुभवों को सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से साझा कर जनजागरूकता बढ़ाने को भी कहा गया।
पुलिस निरीक्षक सलाउद्दीन खान ने बताया कि जनपद में कॉलेजों और विद्यालयों में नशा विरोधी जागरूकता अभियान लगातार संचालित किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने सभी अभियानों की नियमित रिपोर्टिंग, दस्तावेजीकरण तथा प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए तथा सभी विभागों व टीमों के बीच बेहतर समन्वय के साथ संयुक्त रूप से कार्य करने पर बल दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि बागेश्वर को नशामुक्त बनाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ नियमित बैठकें, सतत निगरानी तथा रचनात्मक जनजागरूकता अभियानों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएँ।
बैठक में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा, प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्न, अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, आबकारी अधिकारी, पुलिस निरीक्षक सलाहुद्दीन खान, जिला शिक्षा अधिकारी विनय कुमार आर्य, ए.सी.एम.ओ. डॉ. दीपक कुमार, मुख्य कृषि अधिकारी राजेंद्र उप्रेती सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

