बागेश्वर: रेडक्रॉस सोसायटी ने लोहारी गांव के तीन बच्चो की शिक्षा की ली ज़िम्मेदारी

ख़बर शेयर करें

तीनों बच्चो को हर महीने पढ़ाई के लिए दी जाएगी आर्थिक मदद

बागेश्वर में रेडक्रॉस सोसायटी लगातार मानवता की पीढ़ा को कम करने का काम कर रही है। इसी के तहत गरुड विकासखंड के लोहारी गांव के तीन बच्चो दिव्या जोशी, गौरव जोशी और कनिका जोशी की पढ़ाई का खर्चा भी सोसायटी के सदस्य उठाएंगे। बच्चों के पिता किशोरी चंद्र के निधन से परिवार के पास आजीविका का कोई साधन नहीं था जिसे देखते हुए रेडक्रॉस उनकी मदद को आगे आई है। हर साल सोसायटी के जिला कार्यकारिणी सदस्य 10 गरीब बालिकाओं की पढ़ाई की जिम्मेदारी उठाते हैं। हालांकि लोहारी के तीन बच्चों की घरेलू स्थिति को देखते हुए उनकी शिक्षा पूरी होने तक उनकी जिम्मेदारी उठाई जाएगी। तीनों बच्चो को हर महीने निश्चित राशि छात्रवृत्ति के रूप में दी जाएगी। इसके अलावा जिला सचिव आलोक पांडेय पूर्व से भी पोथिंग के जीवन जोशी को पढ़ाई का खर्च उठा रहे हैं। जीवन कपकोट में इंटर की पढ़ाई कर रहे हैं। साथ ही रेडक्रॉस के जिला कार्यकारिणी सदस्य कन्हैया वर्मा भी बागेश्वर की आर्थिक रूप से कमजोर बालिका शोभा की पढ़ाई का खर्च उठा रहे हैं। रेडक्रॉस के प्रदेश प्रतिनिधि दीपक पाठक, सचिव आलोक पांडेय, कोषाध्यक्ष जगदीश उपाध्याय, जिला कार्यकारिणी सदस्य उमेश जोशी, शंकर पांडेय, समाजसेवी हरीश चंद्र जोशी ने लोहारी गांव पहुँच कर पीड़ित परिवार से मुलाकात की तथा उनकी कमजोर आर्थिक स्थिति को देखते हुए इंटर तक की शिक्षा के लिए प्रतिमाह आर्थिक मदद का आश्वासन दिया।