बागेश्वर:यहां व्यक्ति का नरकंकाल मिलने से सनसनी, सात माह से था लापता

ख़बर शेयर करें

कपकोट : क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब एक खंडहरनुमा मकान से नेपाली मूल के व्यक्ति का नरकंकाल बरामद हुआ। मृतक की पहचान 55 वर्षीय विनोद नेपाली के रूप में हुई है, जो पिछले सात महीनों से लापता बताया जा रहा था। जानकारी के अनुसार विनोद नेपाली कपकोट क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों में रहता था। बताया जा रहा है कि वह काफी समय से क्षेत्र में अकेले रह रहा था और अचानक सात महीने पहले लापता हो गया था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया था। रविवार को कुछ बच्चे नदी किनारे खंडहर नुमा मकान के पास मोबाइल से रील बना रहे थे। इसी दौरान उन्हें अंदर मानव कंकाल दिखाई दिया। बच्चों ने इसकी सूचना स्थानीय लोगों को दी, जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कंकाल को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। थानाध्यक्ष प्रताप नागरकोटी ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि उनके साथ काम करने वाले साथियों ने बताया कि कंकाल विनोद नेपाली का है जो पिछले सात महीने से लापता था। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।

ADVERTISEMENTS
Ad Ad Ad Ad Ad
Ad