बागेश्वर:कक्षा 1 से 12 तक तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश रहेगा भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी के दृष्टिगत जिला प्रशासन अलर्ट, जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से सावधानी बरतने की अपील
बागेश्वर,
📌 भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी के दृष्टिगत जिला प्रशासन अलर्ट, जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से सावधानी बरतने की अपील
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 26 सितम्बर 2026 को जनपद बागेश्वर के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी तथा कहीं-कहीं अत्यन्त भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा 40-50 किमी प्रति घंटा की तेज हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम की चेतावनी के दृष्टिगत जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां एवं सतर्कता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने जनपदवासियों से अपील की है कि अत्यधिक वर्षा एवं खराब मौसम के दौरान अनावश्यक आवागमन से बचें तथा नदी-नालों, गधेरों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों के समीप न जाएं। पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग एवं अन्य साहसिक गतिविधियों से बचें तथा मौसम प्रतिकूल होने पर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पर्यटकों को जाने की अनुमति न दी जाए। आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों एवं विद्युत पोल से दूर रहते हुए सुरक्षित भवन में रहें।
सुरक्षा के दृष्टिगत 26 सितम्बर को जनपद के सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश रहेगा। जिलाधिकारी ने अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।
जिला प्रशासन द्वारा सड़क मार्गों पर जेसीबी एवं आवश्यक मशीनरी की उपलब्धता सुनिश्चित करने, बाधित मार्गों को तत्काल सुचारू करने, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा सभी राजस्व, पुलिस एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं। सभी चौकी एवं थाना क्षेत्रों में भी सतर्कता बरतने तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने मोबाइल फोन चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
जिला प्रशासन द्वारा सभी तहसील एवं संबंधित विभागों को पूरी तरह अलर्ट मोड में रखा गया है।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखने, आपदा अथवा दुर्घटना की सूचना मिलते ही त्वरित राहत एवं बचाव कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आमजन को मौसम संबंधी चेतावनियों की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। नगर क्षेत्रों में नालियों एवं कलवर्टों में अवरोध तत्काल हटाने तथा जिला सूचना तंत्र के माध्यम से मौसम संबंधी सूचनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को भी कहा गया है।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लें, अनावश्यक जोखिम न उठाएं और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल जिला आपदा प्रबंधन/स्थानीय प्रशासन को सूचना दें। उन्होंने कहा कि सतर्कता एवं सावधानी ही सुरक्षित रहने का सबसे प्रभावी उपाय है।


