बागेश्वर:11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर जनपद बागेश्वर में विविध कार्यक्रम आयोजित

बागेश्वर, 23 सितंबर 2026। 11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर जनपद बागेश्वर में जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. निष्ठा शर्मा कोहली के निर्देशन में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर प्रातः जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी कार्यालय, बागेश्वर में भगवान धन्वन्तरि की पूजा-अर्चना एवं हवन किया गया। जनपद के विभिन्न आयुर्वेदिक चिकित्सालयों के माध्यम से भी भगवान धन्वन्तरि पूजन, स्वास्थ्य शिविर एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

आयुर्वेद दिवस का मुख्य कार्यक्रम विक्टर मोहन जोशी राजकीय इंटर कॉलेज, बागेश्वर में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि माननीय नगर पालिका अध्यक्ष श्री सुरेश खेतवाल द्वारा भगवान धन्वन्तरि के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में माननीय सभासद श्री विजयपाल सिंह मटियानी, मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री विनय कुमार एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री दीप जोशी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं के लिए रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली छात्राओं को मुख्य अतिथि श्री सुरेश खेतवाल द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर में कुल 120 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य शिविर का संचालन डॉ. पंकज मिश्रा, श्रीमती नीलम खत्री, श्रीमती शैलदीप्ति नेगी, श्री फकीर राम, श्री सुरेंद्र बनकोटी एवं श्री सुरेश कुमार द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में योग, आयुष नीति एवं आयुर्वेद दिवस के संबंध में पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से डॉ. निष्ठा शर्मा कोहली द्वारा जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. एजल पटेल द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में आयुर्वेद विभाग के जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री गौरव बिष्ट, विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी, विद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं तथा आम जनमानस उपस्थित रहे।
आयुर्वेद दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य जनसामान्य को आयुर्वेद, योग एवं आयुष पद्धतियों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।


