बागेश्वर:कपकोट यहां खाई में गिरी बोलेरो, देवरानी-जेठानी की दर्दनाक मौत, घायलों को जिला अस्पताल रेफर
बागेश्वर। कपकोट थाना क्षेत्र के रिखाड़ी के पास बैजानी बैंड में शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई। खलझूनी की ओर जा रही बोलेरो (यूके-02 टीए 3078) करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में पांच लोग घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट से जिला अस्पताल बागेश्वर रेफर कर दिया गया।
हादसे में मृतक महिलाओं की पहचान पानुली देवी (लगभग 60 वर्ष) और सुपुली देवी (लगभग 68 वर्ष) के रूप में हुई है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अमर सिंह रावत ने बताया कि दोनों महिलाएं आपस में देवरानी-जेठानी थीं। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।उन्होंने बताया कि पानुली देवी के चार पुत्रियां और दो पुत्र हैं। इनमें से एक पुत्र और तीन पुत्रियों की शादी हो चुकी है। वहीं सुपुली देवी के परिवार में एक पुत्र और बहू हैं।

